छत्तीसगढ़

RAIPUR NEWS : घर में घुसकर 1 साल के बच्चे का अपहरण:मां को धमकाकर मासूम को जबरन ले गया आरोपी, गिरफ्तार

थाना गुढ़ियारी की टीम ने नागपुर पहुंचकर की त्वरित कार्रवाई, बालक को सुरक्षित माता के सुपुर्द किया

थाना गुढ़ियारी में एक महिला द्वारा रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि उसके घर में घुसकर पवन साहू द्वारा उसके साथ गाली-गलौज एवं धमकी देते हुए उसके 01 वर्षीय बालक को जबरदस्ती अपने साथ ले जाया गया है। घटना की गंभीरता को देखते हुए थाना गुढ़ियारी द्वारा तत्काल अपराध पंजीबद्ध कर बालक की तलाश एवं आरोपी की गिरफ्तारी हेतु पुलिस टीम को सक्रिय किया गया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस आयुक्त डॉ. संजीव शुक्ला द्वारा तत्काल आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। उनके निर्देशानुसार अतिरिक्त पुलिस आयुक्त श्री अमित तुकाराम कांबले के मार्गदर्शन एवं डीसीपी क्राइम श्री स्मृतिक राजनाला एवं पुलिस उपायुक्त नॉर्थ जोन श्रीमती दीपमाला कश्यप के नेतृत्व में तथा अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त नॉर्थ जोन श्री आदित्य पांडे एवं सहायक पुलिस आयुक्त उरला सुश्री पूर्णिमा लामा के पर्यवेक्षण में थाना गुढ़ियारी की टीम द्वारा आरोपी एवं अपहृत बालक की तलाश हेतु तत्काल कार्रवाई प्रारंभ की गई।

विवेचना के दौरान जानकारी प्राप्त हुई कि आरोपी बालक को अपने साथ लेकर नागपुर, महाराष्ट्र की ओर गया है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल उमरेड, नागपुर के लिए रवाना हुई और लगातार पतासाजी करते हुए आरोपी तक पहुंची।

पुलिस टीम द्वारा घटना के लगभग 05 घंटे के भीतर उमरेड, नागपुर पहुंचकर आरोपी पवन साहू को हिरासत में लिया गया तथा उसके कब्जे से अपहृत बालक को सकुशल बरामद कर लिया गया। बालक को सुरक्षित उसकी माता के सुपुर्द किया गया।

प्रकरण में आरोपी पवन साहू को विधिवत गिरफ्तार किया गया है। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त रॉयल एनफील्ड क्लासिक मोटरसाइकिल क्रमांक CG 04 PS 0520 जप्त की गई है। प्रकरण में अग्रिम विवेचना जारी है।

बच्चे को सकुशल पाकर मां ने रायपुर कमिश्नरेट पुलिस का जताया आभार

बालक की सकुशल बरामदगी के बाद उसकी माता ने रायपुर कमिश्नरेट एवं नॉर्थ जोन पुलिस के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने पुलिस द्वारा घटना की सूचना मिलते ही तत्काल कार्रवाई किए जाने तथा कुछ ही घंटों में बच्चे को सकुशल वापस लाए जाने पर प्रसन्नता व्यक्त की।

उन्होंने बताया कि घटना के बाद पूरा परिवार बेहद चिंतित था, लेकिन पुलिस टीम द्वारा तत्काल कार्रवाई करते हुए बच्चे को सकुशल वापस लाया गया, जिससे उन्हें काफी राहत मिली। बालक की माता ने रायपुर कमिश्नरेट पुलिस, नॉर्थ जोन एवं थाना गुढ़ियारी की पूरी टीम को धन्यवाद एवं आभार व्यक्त किया। उनके द्वारा पुलिस की त्वरित कार्रवाई के लिए धन्यवाद व्यक्त करते हुए वीडियो संदेश भी साझा किया गया है।

त्वरित सूचना पर तत्काल कार्रवाई एवं लगातार पतासाजी के परिणामस्वरूप नॉर्थ जोन पुलिस ने लगभग 05 घंटे में अपहृत बालक को सकुशल बरामद कर आरोपी को गिरफ्तार किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button