छत्तीसगढ़

सेवा संकल्प अभियान : नारायणपुर के बेनूर में सजा सेवा सेतु का मंच

एक ही छत के नीचे 271 ग्रामीणों के चेहरे पर खिली मुस्कान

राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और मूलभूत सुविधाओं को दूरस्थ ग्रामीण अंचलों तक सीधे पहुँचाने के उद्देश्य से नारायणपुर जिले में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं। इसी कड़ी में बेनूर में आयोजित सेवा सेतु शिविर में शासन का संवेदनशील और जन-हितैषी स्वरूप देखने को मिला। शिविर में एक ही प्रांगण के नीचे विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए गए, जहाँ 271 ग्रामीणों को मौके पर ही योजनाओं का लाभ (प्रमाण-पत्र, स्वीकृति पत्र और सहायता सामग्री) प्रदान किया गया। इसके साथ ही ग्रामीणों की विभिन्न समस्याओं व माँगों से संबंधित 371 नए आवेदन भी प्राप्त हुए, जिन पर त्वरित कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा प्रदान की गई प्रमुख सहायता
पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग: प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 35 परिवारों को उनके नए घर की खुशियों की चाबी सौंपी गई, 25 हितग्राहियों को पेंशन स्वीकृति पत्र तथा 10 नए राशन कार्ड वितरित किए गए।

स्वास्थ्य एवं राजस्व विभाग
स्वास्थ्य सेवाओं के तहत 41 ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण और 34 लोगों की टी.बी. जाँच की गई। वहीं राजस्व विभाग द्वारा 24 डिजिटल किसान किताबें, 32 बी-1, नक्शा व खसरा तथा 18 जाति, निवास व आय प्रमाण-पत्र जारी किए गए।

श्रम विभाग
मुख्यमंत्री निर्माण मृत्यु एवं दिव्यांग सहायता योजना के अंतर्गत 1 हितग्राही को 1 लाख रुपये, मिनीमाता महतारी जतन व मुख्यमंत्री नोनी सशक्तिकरण योजना के तहत 20-20 हजार रुपये की राशि और 14 श्रमिकों को श्रमिक कार्ड का लाभ मिला।

महिला एवं बाल विकास व अन्य विभाग
आंगन मिलन अभियान में उत्कृष्ट कार्य करने वाली 20 कार्यकर्ता-सहायिकाओं को सम्मानित किया गया। साथ ही 2 महिलाओं की गोद भराई, 1 बच्चे का अन्नप्राशन संस्कार और मत्स्य पालकों को जाल व आइस बॉक्स का वितरण किया गया। शिविर स्थल पर आधार अपडेट, नए नामांकन, महतारी वंदन योजना और ई-केवाईसी की सुविधा भी दी गई।

नुक्कड़ नाटक से जनजागरूकता
ग्रामीणों को जागरूक करने के लिए नमो सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित नुक्कड़ नाटक मुख्य आकर्षण का केंद्र रहा। कार्यक्रम के दौरान छ.ग. राज्य लघुवनोपज संघ के अध्यक्ष श्री रूपसाय सलाम ने कहा कि मूलभूत योजनाओं और नक्सलमुक्ति की दिशा में हुए सकारात्मक बदलावों से ग्रामीण अंचलों की तस्वीर बदल रही है। जिला पंचायत अध्यक्ष श्री नारायण मरकाम ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश विकास के नए आयाम गढ़ रहा है, और महतारी वंदन योजना से मिलने वाली 1,000 रुपये की राशि महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बना रही है।
इस दौरान क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, सरपंच, अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button