रेलवे स्टेशन पार्किंग से 13 किलो गांजा के साथ प्रेमी-प्रेमिका गिरफ्तार

छत्तीसगढ़ की राजधानी Raipur में नशे के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में गुढ़ियारी थाना पुलिस और रेलवे सुरक्षा बल की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 13 किलो से ज्यादा गांजा के साथ एक महिला और पुरुष को गिरफ्तार किया है। खास बात यह है कि दोनों आरोपी पुलिस से बचने के लिए पति-पत्नी बनकर सफर कर रहे थे।
जानकारी के मुताबिक Raipur Police को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक महिला और पुरुष Raipur Junction Railway Station के प्लेटफॉर्म नंबर 7 के बाहर पार्किंग क्षेत्र में बैग में गांजा लेकर कहीं जाने की फिराक में हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने रेलवे सुरक्षा बल के साथ मिलकर मौके पर दबिश दी और बताए गए हुलिए के आधार पर दोनों संदिग्धों को घेरकर पकड़ लिया।
तलाशी लेने पर उनके बैग से 13 किलो 156 ग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी कीमत करीब 6 लाख 77 हजार 800 रुपये आंकी गई है। पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम राजेंद्र प्रसाद निवासी कौशांबी उत्तरप्रदेश और हेमलता कैवर्त्य निवासी बिलासपुर बताया।
पूछताछ में यह भी सामने आया कि दोनों प्रेमी-प्रेमिका हैं और पुलिस से बचने के लिए पति-पत्नी बनकर यात्रा करते थे। आरोपी ओडिशा के खरियार रोड से गांजा लाकर प्रयागराज ले जाने की तैयारी में थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं।
फिलहाल पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।



