25 वर्षों से सेवाएं दे रहे पशुधन मित्रों ने उठाई निश्चित मासिक मानदेय की मांग, प्रबल प्रताप जूदेव ने दिया आश्वासन

रायपुर। छत्तीसगढ़ पशुधन विकास विभाग में कार्य आधारित मानदेय पर सेवाएं दे रहे छत्तीसगढ़ पशुधन मित्र संघ ने अपनी मांगों को लेकर भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष प्रबल प्रताप जूदेव से उनके निवास पर मुलाकात की। प्रदेश अध्यक्ष चंद्रशेखर सिंह राजपूत एवं हिंदू जनजागृति समिति के छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र राज्य संगठक सुनील घनवट के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने अपनी समस्याओं से अवगत कराते हुए निश्चित मासिक मानदेय देने की मांग की।
संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि पशुधन मित्र पिछले 25 वर्षों से विभाग के विभिन्न कार्यों में योगदान दे रहे हैं, लेकिन अब तक उन्हें निश्चित मासिक मानदेय नहीं मिल पा रहा है। संघ के सचिव पुष्पकांत शर्मा ने बताया कि पशुधन मित्र कृत्रिम गर्भाधान, पशुओं का बधियाकरण, गाय-भैंस एवं बकरियों का टीकाकरण, पशु सर्वेक्षण और पशु चिकित्सा शिविर जैसे महत्वपूर्ण कार्य करते हैं।
संघ के प्रमुख सलाहकार युवराज चौधरी ने कहा कि प्रतिनिधिमंडल मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से भी लगातार मुलाकात कर चुका है, लेकिन अब तक केवल आश्वासन ही मिले हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि वर्तमान सरकार पशुधन मित्रों की मांगों पर गंभीरता से विचार करेगी। वहीं, धर्मेश अटनागर और भूषण देवांगन ने कहा कि पशुधन मित्र लगातार गौसेवा में जुटे हैं और कोरोना काल में भी उन्होंने गौमाता की सेवा की थी।
इस अवसर पर हिंदू जनजागृति समिति के छत्तीसगढ़ एवं महाराष्ट्र राज्य संगठक सुनील घनवट ने कहा कि पशुधन मित्रों की सेवाओं को देखते हुए सरकार को उनकी मांगों को प्राथमिकता देनी चाहिए। उन्होंने आश्वस्त किया कि समिति पशुधन मित्र संघ के साथ सहयोग करती रहेगी।
भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष प्रबल प्रताप जूदेव ने प्रतिनिधिमंडल की मांगों को गंभीरता से सुना। उन्होंने कहा कि पशुधन मित्रों के कार्यों और उनकी समस्याओं को सरकार के समक्ष प्रमुखता से रखा जाएगा। उन्होंने दीपावली के बाद मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के साथ संघ की बैठक कराने का आश्वासन भी दिया, ताकि निश्चित मासिक मानदेय सहित अन्य मांगों पर चर्चा कर समाधान की दिशा में पहल की जा सके।
मुलाकात के दौरान संघ के प्रतिनिधियों ने प्रबल प्रताप जूदेव को मांग पत्र सौंपा और उनकी पहल के लिए आभार व्यक्त किया।



