छत्तीसगढ़

रायपुर में महिला के बैग से मिला 12 किलो गांजा, मुंबई की आरोपी गिरफ्तार

मुंबई से रायपुर पहुंची महिला गांजे के साथ पकड़ाई, 6 लाख का माल जब्त

रायपुर। राजधानी रायपुर में नशे के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई में बड़ी सफलता मिली है। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और डी.डी. नगर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने सरोना रेलवे प्लेटफॉर्म के पास एक महिला को 12 किलो गांजा के साथ गिरफ्तार किया है। जब्त गांजे की कीमत करीब 6 लाख रुपये बताई गई है।

पुलिस को सूचना मिली थी कि सरोना रेलवे प्लेटफॉर्म के पास एक महिला अपने पास गांजा रखकर कहीं जाने की फिराक में है। सूचना पर पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त (वेस्ट जोन) रॉबिन्सन गुरिया ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में संयुक्त पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर संदिग्ध महिला की पहचान कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में महिला ने अपना नाम सोनाली मोटे (42 वर्ष), निवासी मुंबई, महाराष्ट्र बताया। पुलिस ने महिला के पास रखे अलग-अलग बैग की तलाशी ली, जिसमें 12 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ।

पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर गांजा जब्त कर लिया है। मामले में थाना डी.डी. नगर में अपराध क्रमांक 730/26 के तहत नारकोटिक एक्ट की धारा 20(बी) में अपराध दर्ज किया गया है।

पुलिस के अनुसार, मामले में फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकेज के आधार पर अन्य आरोपियों की जानकारी जुटाई जा रही है। पूरे नेटवर्क तक पहुंचने के लिए विस्तृत पूछताछ और आगे की कार्रवाई जारी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button