सरगुजा जिले के टॉपर्स का हुआ सम्मान, कलेक्टर ने लैपटॉप देकर बढ़ाया उत्साह

छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा घोषित 10वीं एवं 12वीं बोर्ड परीक्षा परिणामों में सरगुजा जिले में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को कलेक्टर श्री अजीत वसंत ने सम्मानित किया। इस अवसर पर मेधावी छात्रों को लैपटॉप भेंट कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
10वीं कक्षा में प्रयास आवासीय विद्यालय, अंबिकापुर की छात्रा ज्योति साहू ने 97.33 प्रतिशत अंक प्राप्त कर जिले में प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं 12वीं कक्षा में मल्टीपरपज स्कूल के छात्र बाबा आशीष केरकेट्टा ने 94.4 प्रतिशत अंकों के साथ जिले में शीर्ष स्थान प्राप्त किया।
दोनों विद्यार्थी अपने अभिभावकों एवं शिक्षकों के साथ मंगलवार को कलेक्टोरेट पहुंचे, जहां कलेक्टर ने उनका उत्साहवर्धन किया। बातचीत के दौरान बाबा आशीष ने भविष्य में सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी करने की इच्छा जताई, जबकि ज्योति ने गणित विषय लेकर इंजीनियर बनने का लक्ष्य साझा किया।
कलेक्टर श्री वसंत ने दोनों छात्रों को निरंतर परिश्रम करते हुए आगे भी सफलता के नए आयाम हासिल करने के लिए प्रेरित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर सहायक आयुक्त आदिवासी विकास विभाग श्री ललित शुक्ला, जिला शिक्षा अधिकारी श्री दिनेश झा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।



