रायपुर के चारों दिशाओं में तालाब संरक्षण का महाअभियान, ग्रीन आर्मी की मुहिम को मिल रहा जनसमर्थन।

रायपुर। ग्रीन आर्मी छत्तीसगढ़ द्वारा रायपुर शहर के विभिन्न तालाबों के संरक्षण, पुनर्जीवन एवं स्वच्छता हेतु व्यापक जनअभियान चलाया जा रहा है। संस्था द्वारा तालाबों के संरक्षण, गहरीकरण, जल शुद्धिकरण व्यवस्था तथा तालाबों में मिल रहे गंदे नालों पर रोक लगाने सहित विभिन्न जनहितकारी मांगों को लेकर नगर निगम कमिश्नर को ज्ञापन सौंपा गया है। ग्रीन आर्मी वर्तमान में हांडी तालाब (तात्यापारा), बंधवा तालाब (लाखेनगर), गोपिया डबरी (प्रोफेसर कॉलोनी मार्ग), महाराजबंध तालाब (पुरानी बस्ती), बदलवा तालाब (लाखेनगर), आमा तालाब-1 एवं आमा तालाब-2 (देवपुरी), राजा तालाब, कल्याण सागर गदही तालाब (रायपुरा), आत्मानंद तालाब (चौबे समता कॉलोनी) तथा भुईंया तालाब (टाटीबंध) सहित रायपुर के 11 प्रमुख तालाबों के संरक्षण हेतु सक्रिय रूप से कार्य कर रही है।
संस्था द्वारा कल्याण सागर (गदही) तालाब में लगातार 15 सप्ताह, हांडी तालाब में 4 सप्ताह, भुईंया तालाब में 3 सप्ताह, आत्मानंद तालाब में 3 सप्ताह तथा महाराजबंध तालाब में लगातार 32 दिनों तक विशेष सफाई अभियान संचालित किया गया। इस दौरान पचरी सफाई, पेड़ पार की सफाई, पाउच, पन्नी एवं पॉलीथिन निष्पादन, तालाबों से कचरा एवं मलबा हटाने, पेड़ों की छंटाई, स्ट्रीट लाइट व्यवस्था सुधारने तथा तालाब परिसरों एवं गार्डनों के जीर्णोद्धार जैसे महत्वपूर्ण कार्य किए गए।
अभियान के दौरान कुछ स्थानों पर असामाजिक तत्वों द्वारा सफाई कार्य में बाधा उत्पन्न करने तथा स्थानीय लोगों को भड़काने का प्रयास किया गया, क्योंकि तालाब परिसरों में उनकी गलत गतिविधियों पर अंकुश लग रहा था। तमाम विरोध और चुनौतियों के बावजूद ग्रीन आर्मी के कार्यकर्ता अपने संकल्प पर अडिग रहे और अभियान को सफलता पूर्वक आगे बढ़ाते रहे।
प्रदेश अध्यक्ष एवं संस्थापक श्री अमिताभ दुबे जी ने कहा, “तालाब केवल जल स्रोत नहीं बल्कि हमारी संस्कृति, पर्यावरण एवं आने वाली पीढ़ियों की अमूल्य धरोहर हैं। स्वच्छ तालाब, स्वच्छ रायपुर के संकल्प के साथ ग्रीन आर्मी लगातार जनसहभागिता से तालाबों के संरक्षण एवं पुनर्जीवन का कार्य कर रही है।” रायपुर जिला अध्यक्ष श्री गुरदीप टुटेजा जी अभियान के संचालन एवं समन्वय में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। श्रीमती भारती श्रीवास्तव जी (ब्लू विंग अध्यक्ष) ने कहा, “तालाब संरक्षण केवल पर्यावरण नहीं, बल्कि समाज के भविष्य का विषय है। शासन-प्रशासन के सहयोग से इस अभियान को और मजबूत बनाया जाएगा।” श्रीमती मोनिका बागरेचा जी (ग्रीन विंग अध्यक्ष) ने कहा, “हरित रायपुर के निर्माण के लिए जनभागीदारी और वृक्षारोपण दोनों आवश्यक हैं।” श्री संजय भौमिक जी (ब्राउन विंग अध्यक्ष) ने कहा, “स्वच्छ तालाब और प्रदूषण मुक्त रायपुर के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा।” श्री श्याम बघेल जी (व्हाइट विंग अध्यक्ष) ने कहा, “रायपुर के प्रत्येक क्षेत्र की पर्यावरणीय समस्याओं को चिन्हित कर समाधान हेतु निरंतर कार्य किया जा रहा है।”
नगर निगम रायपुर एवं स्मार्ट सिटी प्रबंधन द्वारा भी इस अभियान में भरपूर सहयोग प्रदान किया जा रहा है, जिसके लिए ग्रीन आर्मी परिवार ने आभार व्यक्त किया है।
संस्था का मानना है कि तालाब केवल जल स्रोत नहीं बल्कि हमारी सांस्कृतिक धरोहर, पर्यावरणीय संतुलन एवं आने वाली पीढ़ियों की अमूल्य विरासत हैं। “स्वच्छ तालाब – स्वच्छ रायपुर” के संकल्प के साथ यह अभियान निरंतर जारी रहेगा।



