छत्तीसगढ़

जशपुर में गांजे की बड़ी खेप जब्त, 2 तस्कर गिरफ्तार

मिर्ची की बोरियों के नीचे छिपाकर ले जा रहे थे 440.63 किलो गांजा, पुलिस ने 2.40 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति की जब्त

जशपुर, 2 अक्टूबर 2026। जशपुर जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन आघात के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। एंटी नारकोटिक्स टीम और थाना तपकरा पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में लावाकेरा पुलिस चेकिंग बैरियर पर एक टाटा आईसर मिनी ट्रक से 440.63 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया है। पुलिस ने मामले में उत्तर प्रदेश निवासी दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है

पुलिस के अनुसार बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब 2 करोड़ 20 लाख 31 हजार 500 रुपये है। इसके अलावा तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे टाटा आईसर मिनी ट्रक की अनुमानित कीमत करीब 20 लाख रुपये बताई गई है। इस तरह पुलिस ने मामले में कुल 2 करोड़ 40 लाख 31 हजार 500 रुपये की संपत्ति जब्त की है।

उड़ीसा बॉर्डर पर चल रही थी सघन चेकिंग

जशपुर के डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के नेतृत्व और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार पाटनवार के मार्गदर्शन में जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। उड़ीसा सीमा से लगे लावाकेरा पुलिस चेकिंग पॉइंट पर विशेष एंटी नारकोटिक्स टीम को तैनात किया गया है।

पुलिस टीम द्वारा लगातार संदिग्ध वाहनों की जांच की जा रही है। इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि उड़ीसा की ओर से एक वाहन में गांजा लेकर तस्कर जशपुर जिले की सीमा में प्रवेश करने वाले हैं।

सूचना के आधार पर 2 अक्टूबर 2026 की सुबह करीब 9 बजे एंटी नारकोटिक्स टीम और थाना तपकरा पुलिस की संयुक्त टीम ने लावाकेरा चेकिंग बैरियर पर उड़ीसा की ओर से आने वाले संदिग्ध वाहनों की जांच शुरू की।

टाटा आईसर मिनी ट्रक को रोककर हुई जांच

चेकिंग के दौरान पुलिस ने उड़ीसा की ओर से आ रहे टाटा आईसर मिनी ट्रक क्रमांक UP-71-T-6592 को संदेह के आधार पर रोका। वाहन में दो व्यक्ति सवार थे। पूछताछ में दोनों ने अपना नाम मो. वसीम, उम्र 28 वर्ष और मो. आसिफ, उम्र 34 वर्ष बताया। दोनों आरोपी ग्राम मुंडेरा, थाना ढूंमनगंज, जिला प्रयागराज, उत्तर प्रदेश के निवासी बताए गए हैं।

पुलिस ने जब ट्रक में लोड सामान के बारे में पूछताछ की तो आरोपियों ने बताया कि वाहन में मिर्ची की बोरियां लदी हुई हैं और वे इन्हें उड़ीसा से उत्तर प्रदेश लेकर जा रहे हैं।

हालांकि, पुलिस टीम को सामान को लेकर संदेह हुआ। इसके बाद ट्रक की बारीकी से तलाशी ली गई।

मिर्ची की बोरियों के नीचे छिपाकर रखा था गांजा

तलाशी के दौरान ट्रक के ऊपरी हिस्से में मिर्ची से भरी बोरियां रखी मिलीं। पुलिस टीम ने जब इन बोरियों को हटाकर नीचे रखी बोरियों की जांच की तो उनमें टेप से लिपटे हुए संदिग्ध पैकेट मिले।

पुलिस ने पैकेटों को खोलकर जांच की तो उनमें अवैध मादक पदार्थ गांजा बरामद हुआ। गवाहों की मौजूदगी में की गई कार्रवाई के दौरान कुल 14 बोरियों में 440 पैकेट गांजा मिला।

वजन करने पर गांजे की कुल मात्रा 440.63 किलोग्राम पाई गई।

दस्तावेज नहीं दिखा सके आरोपी

पुलिस द्वारा दोनों आरोपियों से बरामद गांजे के संबंध में वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा गया, लेकिन आरोपी कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर गांजा और तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे टाटा आईसर मिनी ट्रक को विधिवत जब्त कर लिया।

बरामद गांजे की अनुमानित कीमत 2 करोड़ 20 लाख 31 हजार 500 रुपये, जबकि वाहन की कीमत करीब 20 लाख रुपये आंकी गई है। कुल जब्ती की कीमत 2 करोड़ 40 लाख 31 हजार 500 रुपये बताई गई है।

उड़ीसा से प्रयागराज ले जा रहे थे गांजा

पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे गांजा उड़ीसा के बोध क्षेत्र से लेकर प्रयागराज, उत्तर प्रदेश जा रहे थे।

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गांजा किस व्यक्ति से खरीदा गया था और उत्तर प्रदेश में इसे किस व्यक्ति तक पहुंचाया जाना था। पुलिस द्वारा पूरे नेटवर्क की एंड-टू-एंड जांच की जा रही है।

जांच में गांजा तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में जो भी व्यक्ति संलिप्त पाया जाएगा, उसके खिलाफ नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज

मामले में दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना तपकरा में धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू कर दी गई है। दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजने की कार्रवाई की जा रही है।

जनवरी से अब तक 1906 किलो गांजा बरामद

जशपुर पुलिस के अनुसार जनवरी 2026 से अब तक गांजा तस्करी के खिलाफ कुल 16 प्रकरणों में लगभग 1906 किलोग्राम गांजा बरामद किया जा चुका है। पुलिस के मुताबिक इसकी अनुमानित कीमत करीब 8 करोड़ रुपये है।

इन मामलों में पुलिस ने अब तक 22 तस्करों को गिरफ्तार कर जेल भेजा है। इसके साथ ही गांजा तस्करी में इस्तेमाल किए गए 17 कार और 1 पिकअप वाहन भी जब्त किए गए हैं।

जशपुर पुलिस ने कहा है कि नशे के खिलाफ चलाया जा रहा ऑपरेशन आघात लगातार जारी रहेगा।

एसएसपी ने कहा- नशे के कारोबार में शामिल किसी को नहीं बख्शेंगे

जशपुर के डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि ऑपरेशन आघात के तहत यह एक बड़ी और महत्वपूर्ण कार्रवाई है।

उन्होंने बताया कि लावाकेरा चेकिंग बैरियर पर पुलिस टीम की सतर्कता और बेहतर समन्वय के कारण मिर्ची की बोरियों के नीचे छिपाकर ले जाया जा रहा 440.63 किलोग्राम गांजा पकड़ा गया। मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार करने के साथ ही तस्करी में प्रयुक्त वाहन भी जब्त किया गया है।

एसएसपी के अनुसार पुलिस पूरे नेटवर्क की एंड-टू-एंड जांच कर रही है। गांजा कहां से खरीदा गया, इसके पीछे कौन लोग हैं और इसे उत्तर प्रदेश में किसे पहुंचाया जाना था, इन सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है।

उन्होंने कहा कि नशे के कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और जशपुर पुलिस नशे के खिलाफ पूरी दृढ़ता एवं निरंतरता के साथ कार्रवाई करती रहेगी।

इन पुलिसकर्मियों की रही महत्वपूर्ण भूमिका

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी तपकरा निरीक्षक त्रिलोक प्रधान, निरीक्षक संदीप कौशिक, सहायक उप निरीक्षक संतोष चौरसिया, आरक्षक शिवकुमार, विनोद तिर्की सहित जिले की एंटी नारकोटिक्स टीम और थाना तपकरा पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button