गुरुकुल महाविद्यालय में महिला सुरक्षा एवं कानूनी अधिकारों पर विशेष व्याख्यान, छात्राओं को किया जागरूक
छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. ममता साहू ने किया छात्राओं को जागरूक

रायपुर। गुरुकुल महिला महाविद्यालय, रायपुर के महिला शिकायत निवारण प्रकोष्ठ द्वारा महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से ‘महिला सुरक्षा एवं कानूनी अधिकार’ विषय पर विशेष व्याख्यान आयोजित किया गया। कार्यक्रम महाविद्यालय के ऑडिटोरियम में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम की मुख्य वक्ता छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. ममता साहू थीं। उन्होंने महिलाओं के संवैधानिक एवं कानूनी अधिकारों, घरेलू हिंसा से संरक्षण, कार्यस्थल पर लैंगिक उत्पीड़न की रोकथाम और महिला आयोग की भूमिका पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि महिलाओं को अपने अधिकारों और कानूनों की जानकारी होना बेहद जरूरी है। जागरूकता ही आत्मविश्वास एवं सशक्तिकरण का आधार है। उन्होंने छात्राओं को अन्याय के खिलाफ आवाज उठाने और अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने के लिए प्रेरित किया।
महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. संध्या गुप्ता ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल शैक्षणिक ज्ञान देना ही नहीं, बल्कि छात्राओं को सामाजिक रूप से जागरूक, आत्मनिर्भर और अधिकारों के प्रति सजग बनाना भी है। इस तरह के आयोजन छात्राओं में आत्मविश्वास और कानूनी समझ विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. रात्रि लहरी, जिला संगठक NSS एवं महिला शिकायत निवारण प्रकोष्ठ द्वारा किया गया। इस अवसर पर महिला शिकायत निवारण प्रकोष्ठ की प्रभारी डॉ. वंदना अग्रवाल, सदस्य श्रीमती सिमरन वर्मा एवं श्रीमती अनुराधा गुप्ता, महाविद्यालय के प्राध्यापक, छात्राएं एवं स्वयंसेवक उपस्थित रहे।
प्रश्नोत्तर सत्र में छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया। अंत में डॉ. वंदना अग्रवाल ने धन्यवाद ज्ञापन किया। कार्यक्रम का समापन महिला सुरक्षा, सम्मान और अधिकारों के प्रति जागरूकता के संदेश के साथ हुआ।



