रायपुर: कन्या महाविद्यालय में गरबा प्रतियोगिता की धूम, छात्राओं ने बिखेरे सांस्कृतिक रंग

रायपुर। डॉ. राधा बाई नवीन कन्या महाविद्यालय, रायपुर में छात्राओं की प्रतिभा को प्रोत्साहित करने और भारतीय सांस्कृतिक परंपराओं के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से गरबा प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। दीप प्रज्वलन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. विनोद कुमार जोशी ने छात्राओं को संबोधित करते हुए सांस्कृतिक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया।
प्रतियोगिता में छात्राओं ने रंग-बिरंगे पारंपरिक परिधानों में गरबा की आकर्षक प्रस्तुतियां दीं। भक्तिमय गीतों और गरबा की मधुर धुनों के बीच महाविद्यालय परिसर उत्साह और उमंग से भर गया। छात्राओं के सामूहिक नृत्य, लयबद्ध तालमेल और शानदार नृत्य कौशल ने उपस्थित प्राध्यापिकाओं एवं दर्शकों का मन मोह लिया।
एमएससी बॉटनी की छात्राओं ने हासिल किया प्रथम स्थान
गरबा समूह नृत्य प्रतियोगिता में एमएससी बॉटनी की छात्राओं ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। एमएससी गणित की छात्राएं द्वितीय स्थान पर रहीं, जबकि एमएससी जूलॉजी एवं पीजीडीसीए की छात्राओं को सांत्वना पुरस्कार प्रदान किया गया।
प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में डॉ. दीप्ति झा, रेबेका बेन एवं डॉ. श्वेता बोहरा शामिल रहीं। निर्णायकों ने छात्राओं की नृत्य प्रतिभा, सामूहिक तालमेल, लय और उत्साह के आधार पर प्रस्तुतियों का मूल्यांकन किया।
प्राचार्य डॉ. विनोद कुमार जोशी ने कहा कि ऐसे आयोजन छात्राओं में आत्मविश्वास, अनुशासन, रचनात्मकता और सहयोग की भावना विकसित करने के साथ भारतीय लोक परंपराओं के संरक्षण एवं संवर्धन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में सांस्कृतिक एवं साहित्यिक समिति की संयोजक डॉ. निधि गुप्ता तथा समिति की सदस्य डॉ. सीमा प्रधान, डॉ. श्वेता अग्निवंशी, डॉ. श्रद्धा मिश्रा एवं नयनी टांडी का उल्लेखनीय योगदान रहा।
इस अवसर पर डॉ. प्रीति श्रीवास्तव, डॉ. दीप्ति झा, डॉ. रूपा सलहोत्रा, डॉ. नम्रता शर्मा, डॉ. ज्योति मिश्रा, डॉ. कंचन गिलहरे एवं रिंकी गुप्ता सहित अन्य प्राध्यापिकाएं उपस्थित रहीं।
गरबा प्रतियोगिता के माध्यम से छात्राओं को अपनी कला और सांस्कृतिक अभिरुचि प्रदर्शित करने का अवसर मिला। आयोजन ने भारतीय सांस्कृतिक विरासत के प्रति सम्मान, आपसी सौहार्द और सामूहिक सहभागिता की भावना को मजबूत किया।


