गुरुकुल महिला महाविद्यालय में एंटी रैगिंग जागरूकता कार्यक्रम, छात्राओं को बताए गए कानूनी अधिकार

रायपुर। गुरुकुल महिला महाविद्यालय, कालीबाड़ी में छात्राओं को रैगिंग के दुष्परिणामों और कानूनी प्रावधानों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से एंटी रैगिंग जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में हिदायतुल्लाह राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय (HNLU), रायपुर के डॉ. अमितेश देशमुख मुख्य अतिथि एवं विषय विशेषज्ञ के रूप में शामिल हुए।
डॉ. देशमुख ने छात्राओं को रैगिंग के विभिन्न स्वरूपों, उसके मानसिक, सामाजिक और शैक्षणिक जीवन पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों की जानकारी दी। साथ ही रैगिंग के खिलाफ कानूनी प्रावधानों, विद्यार्थियों के अधिकारों और शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से बताया।
उन्होंने कहा कि रैगिंग किसी भी रूप में स्वीकार्य नहीं है। प्रत्येक विद्यार्थी को सम्मान, सुरक्षा और समान अवसर मिलना चाहिए। सुरक्षित और भयमुक्त शैक्षणिक वातावरण बनाना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. संध्या गुप्ता के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम की रूपरेखा कार्यक्रम प्रभारी डॉ. कविता सिलवाल ने प्रस्तुत की। आयोजन में एंटी रैगिंग कमेटी की सदस्य डॉ. रात्रि लहरी, डॉ. वंदना अग्रवाल, डॉ. रिंकू पांडे और डॉ. प्रियंका तिवारी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
कार्यक्रम के अंत में छात्राओं को आपसी सम्मान, सहयोग और अनुशासन के माध्यम से रैगिंग मुक्त परिसर बनाने का संदेश दिया गया।



