जूनियर डॉक्टर्स एसोसिएशन (JDA) द्वारा NEET पेपर लीक एवं शिक्षा व्यवस्था की विफलताओं के विरोध में शांतिपूर्ण प्रदर्शन

जूनियर डॉक्टर्स एसोसिएशन (JDA) रायपुर ने अध्यक्ष डॉ. पीयूष पी. श्रीवास्तव के नेतृत्व में NEET 2026 पेपर लीक, शिक्षा व्यवस्था की विफलताओं तथा छात्रों के भविष्य के साथ हो रहे अन्याय के विरोध में एक शांतिपूर्ण एवं गैर-राजनीतिक विरोध प्रदर्शन आयोजित किया।
प्रदर्शन के दौरान JDA रायपुर ने दिल्ली में न्याय की मांग कर रहे युवाओं एवं छात्रों के साथ पुलिस द्वारा किए गए कथित अनुचित व्यवहार पर भी गहरी चिंता व्यक्त करते हुए इसकी कड़ी निंदा की। संगठन का कहना है कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में शांतिपूर्ण ढंग से अपनी बात रखना प्रत्येक नागरिक का संवैधानिक अधिकार है और छात्रों की आवाज़ को संवेदनशीलता एवं संवाद के माध्यम से सुना जाना चाहिए।
JDA रायपुर ने केंद्र सरकार से NEET पेपर लीक प्रकरण में पूर्ण जवाबदेही सुनिश्चित करने, दोषियों के विरुद्ध कठोरतम कार्रवाई करने तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने हेतु परीक्षा प्रणाली में व्यापक एवं पारदर्शी सुधार लागू करने की मांग की।
साथ ही, इस पूरे प्रकरण की नैतिक एवं प्रशासनिक जिम्मेदारी स्वीकार करते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री श्री धर्मेंद्र प्रधान से अपने पद से इस्तीफा देने की मांग भी की गई।
JDA रायपुर ने स्पष्ट किया कि यह आंदोलन किसी राजनीतिक दल के समर्थन या विरोध में नहीं, बल्कि देश के छात्रों के भविष्य, न्याय, पारदर्शिता और जवाबदेही की मांग को लेकर आयोजित किया गया है।



