छत्तीसगढ़

मानवाधिकार संगठन के नाम पर कथित वसूली और ब्लैकमेलिंग का आरोप, राष्ट्रीय अध्यक्ष पूनम पाण्डेय ने पुलिस से मांगी जांच

धमतरी/कुरूद। मानवाधिकार संगठन के नाम पर पद और पहचान का कथित दुरुपयोग कर लोगों से धनराशि वसूलने एवं ब्लैकमेलिंग किए जाने का मामला सामने आया है। मानवाधिकार न्याय सुरक्षा संगठन एसोसिएशन की राष्ट्रीय अध्यक्ष पूनम पाण्डेय ने इस संबंध में कुरूद थाने में शिकायत देकर निष्पक्ष जांच और वैधानिक कार्रवाई की मांग की है।

थाना प्रभारी कुरूद को सौंपे गए शिकायत पत्र में श्री रुकेश कुमार नागार्ची के विरुद्ध गंभीर आरोप लगाए गए हैं। शिकायत के अनुसार, संबंधित व्यक्ति स्वयं को विभिन्न मानवाधिकार एवं विधिक संस्थाओं का पदाधिकारी, अधिवक्ता और कानूनी सलाहकार बताकर लोगों के बीच अपनी पहचान स्थापित कर रहा है।

आरोप है कि इसी पहचान का इस्तेमाल कर कोटवारों एवं अन्य लोगों को न्याय दिलाने और कानूनी सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया गया तथा कथित रूप से उनसे पैसों की मांग की गई।

UPI भुगतान और व्हाट्सएप संदेशों की जांच की मांग

शिकायत में UPI के माध्यम से किए गए भुगतान, QR कोड, लेन-देन के रिकॉर्ड और व्हाट्सएप संदेशों से जुड़े साक्ष्य उपलब्ध होने का उल्लेख किया गया है। आरोप है कि संबंधित व्यक्ति ने QR कोड के जरिए राशि ट्रांसफर करवाकर स्क्रीनशॉट भेजने को कहा तथा दिल्ली जाने की तत्काल आवश्यकता बताकर धनराशि मांगी।

पहचान पत्र और संस्थाओं में पद की सत्यता की जांच हो

राष्ट्रीय अध्यक्ष पूनम पाण्डेय ने संबंधित व्यक्ति के विभिन्न संस्थाओं के पहचान पत्र, पद एवं नियुक्ति संबंधी दस्तावेजों की सत्यता की जांच कराने की मांग की है। साथ ही यह पता लगाने का अनुरोध किया है कि संबंधित व्यक्ति वास्तव में उन संस्थाओं का अधिकृत सदस्य या पदाधिकारी है अथवा नहीं।

संगठन ने पुलिस से बैंक खातों, UPI ID, वित्तीय लेन-देन, डिजिटल साक्ष्यों, कॉल रिकॉर्ड और व्हाट्सएप संदेशों की नियमानुसार जांच कराने की मांग की है। शिकायत में कहा गया है कि यदि जांच में धोखाधड़ी, फर्जी पहचान, धन वसूली या ब्लैकमेलिंग जैसे आरोप प्रमाणित होते हैं, तो संबंधित धाराओं में वैधानिक कार्रवाई की जाए।

निष्पक्ष जांच से सामने आए सच्चाई : पूनम पाण्डेय

पूनम पाण्डेय ने कहा कि मानवाधिकार और कानूनी सहायता से जुड़ी संस्थाएं आम नागरिकों को न्याय दिलाने एवं पीड़ितों की मदद करने के लिए होती हैं। यदि कोई व्यक्ति इन संस्थाओं के नाम, पद और पहचान का दुरुपयोग कर लोगों को गुमराह करता है या आर्थिक लाभ लेने का प्रयास करता है, तो यह गंभीर विषय है।

उन्होंने कहा कि संगठन किसी निर्दोष व्यक्ति को परेशान करने के पक्ष में नहीं है, लेकिन उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर निष्पक्ष जांच होना और सच्चाई सामने आना आवश्यक है।

उन्होंने पुलिस प्रशासन से सभी संबंधित पक्षों के बयान दर्ज करने, दस्तावेजों की सत्यता की जांच करने तथा शिकायतकर्ताओं और गवाहों को सुरक्षा प्रदान करने की मांग की है।

मानवाधिकार न्याय सुरक्षा संगठन एसोसिएशन ने कहा है कि संगठन कानून और संविधान के दायरे में रहकर पीड़ितों को न्याय दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button