RAIPUR NEWS: रेलवे स्टेशन से संजय गांधी चौक तक चला अतिक्रमण हटाओ अभियान, यातायात पुलिस और नगर निगम की संयुक्त कार्रवाई

रायपुर। डीसीपी यातायात डॉ. अर्चना झा के निर्देशानुसार थाना प्रभारी यातायात फाफाडीह के नेतृत्व में नगर निगम की जोन एवं सेंट्रल टीम के साथ रेलवे स्टेशन चौक, गुरुद्वारा चौक से संजय गांधी चौक तक सड़क के दोनों ओर बेतरतीब ढंग से लगाए गए हाथ ठेलों एवं अतिक्रमण के विरुद्ध संयुक्त अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान सार्वजनिक मार्ग, सड़क एवं फुटपाथ पर अवैध रूप से लगाए गए हाथ ठेले, गुमटियां तथा अन्य अस्थायी अतिक्रमण हटाए गए। इसके साथ ही उन व्यापारियों पर भी कार्रवाई की गई, जिन्होंने अपनी दुकानों का सामान सड़क तक फैलाकर यातायात में बाधा उत्पन्न कर रखी थी।
कार्रवाई के दौरान अतिक्रमणकर्ताओं को समझाइश दी गई कि सड़क एवं फुटपाथ आमजन के निर्बाध आवागमन के लिए हैं। अधिकारियों ने बताया कि अतिक्रमण से यातायात बाधित होता है, दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ती है तथा नागरिकों को अनावश्यक परेशानियों का सामना करना पड़ता है। सभी को भविष्य में दोबारा अतिक्रमण नहीं करने की चेतावनी भी दी गई।
संयुक्त कार्रवाई के बाद रेलवे स्टेशन चौक, गुरुद्वारा चौक एवं संजय गांधी चौक क्षेत्र में यातायात व्यवस्था अधिक सुगम और व्यवस्थित दिखाई दी। स्थानीय नागरिकों, वाहन चालकों एवं राहगीरों ने अभियान की सराहना करते हुए ऐसे अतिक्रमण हटाओ अभियान नियमित रूप से चलाए जाने की अपेक्षा व्यक्त की।
डीसीपी यातायात डॉ. अर्चना झा ने व्यापारियों एवं नागरिकों से अपील की है कि वे सड़क, फुटपाथ एवं सार्वजनिक मार्ग पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण न करें तथा शहर की सुरक्षित एवं सुगम यातायात व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें। उन्होंने कहा कि यातायात पुलिस एवं नगर निगम द्वारा ऐसे संयुक्त अभियान भविष्य में भी लगातार जारी रहेंगे।



