बैज को लाशों पर राजनीति करते हुए शर्म से गड़ जाना चाहिए : भाजपा
प्रदेश प्रवक्ता शताब्दी पाण्डे का करारा हमला : भूपेश सरकार में बस्तर में शहीद जवानों के शव गृह ग्राम नहीं पहुँचा पाए थे, आज बैज किस मुँह से भाजपा सरकार पर उंगली उठा रहे हैं?

रायपुर। भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश प्रवक्ता शताब्दी पाण्डे ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज के बयान पर कड़ा प्रहार करते हुए तीखा हमला बोला है। श्रीमती पाण्डे ने कहा कि जिस कांग्रेस की भूपेश सरकार नक्सली हमले में शहीद जवानों का अंतिम संस्कार उनके गृह ग्राम में नहीं करवा पाई, उस कांग्रेस के प्रदेश मुखिया बैज को अब लाशों पर राजनीति करते हुए शर्म से गड़ जाना चाहिए।
भाजपा प्रदेश प्रवक्ता श्रीमती पाण्डे ने कहा कि कुलगाम आतंकी हमले में मृत छत्तीसगढ़ के दो मजदूरों के शवों को किन्हीं विशेष परिस्थितियों के चलते छत्तीसगढ़ नहीं ला पाने को लेकर रूदाली रूदन कर रहे बैज को अपनी पूर्ववर्ती सरकार का काला इतिहास याद रखना चाहिए। बैज को यह नहीं भूलना चाहिए कि नक्सलियों की गीदड़ भभकी के आगे मिमियाते हुए घुटनों पर आई कांग्रेस की पिछली भूपेश बघेल सरकार छत्तीसगढ़ के बस्तर में हुए नक्सली हमले में शहीद जवानों के शवों को बस्तर सम्भाग में ही उनके गृह ग्राम तक पहुँचाने में नाकाम रही थी। इससे अधिक शर्मनाक और कायराना राजनीतिक चरित्र किसी प्रदेश सरकार का और क्या हो सकता है? आज प्रदेश सरकार पर संवेदनहीनता की तोहमत लगा रहे बैज की संवेदनशीलता तब वेंटीलेटर पर क्यों थी? श्रीमती पाण्डे ने कहा कि जो कांग्रेस सरकार जवानों के बलिदान और सम्मान की रक्षा नहीं कर सकी, उसके नेता आज किस मुँह से भाजपा की संवेदनशील सरकार पर उंगली उठा रहे हैं? बैज आज प्रदेश की भाजपा सरकार पर सवाल खड़े करने से पहले अपनी पूर्ववर्ती भूपेश सरकार की इस कायराना करतूत को क्यों भूल गए? श्रीमती पाण्डे ने कहा कि भाजपा सरकार सदैव प्रदेश के नागरिकों, मजदूरों और जवानों के प्रति पूरी तरह संवेदनशील और प्रतिबद्ध है। कांग्रेस केवल संवेदनशील मुद्दों पर घिनौनी और निचले स्तर की राजनीति करना जानती है, लेकिन प्रदेश की जनता उनके इस दोहरे रवैये और छलावे को भली-भाँति पहचानती है।



