छत्तीसगढ़

स्वतंत्रता दिवस से पूर्व देशभक्ति के रंग में रंगा बसना: किसान मोर्चा की भव्य ट्रैक्टर तिरंगा यात्रा में उमड़ा जनसैलाब

बसना में निकली भव्य तिरंगा यात्रा, विधायक डॉ संपत अग्रवाल बोले-तिरंगा केवल तीन रंग नहीं, देशवासियों का स्वाभिमान है

बसना। स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर से पूर्व संपूर्ण बसना अंचल राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रभक्ति के अनूठे रंग में सराबोर नजर आया। जिला किसान मोर्चा भाजपा महासमुंद के तत्त्वावधान में आयोजित भव्य ‘तिरंगा यात्रा’ ने क्षेत्र के इतिहास में एक नया स्वर्णिम अध्याय जोड़ दिया। बसना के कृषि उपज मंडी प्रांगण से शुरू हुई इस अभूतपूर्व यात्रा में बसना विधायक डॉ. संपत अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में सम्मिलित हुए।

कार्यक्रम के शुभारंभ अवसर पर विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने पूर्ण निष्ठा एवं धार्मिक विधि-विधान के साथ भारत माता तथा छत्तीसगढ़ महतारी के पावन चित्रपट पर माल्यार्पण कर दीप प्रज्वलन एवं पूजा-अर्चना की। इसके पश्चात, सैकड़ों की संख्या में ट्रैक्टरों और बाइक पर सवार कार्यकर्ताओं और आम जनता के हाथों में शान से लहराते तिरंगे के साथ भव्य तिरंगा यात्रा का आगाज हुआ।

यह विशाल तिरंगा यात्रा बसना शहर के मुख्य मार्गों, चौराहों एवं प्रमुख बाजारों से होकर गुजरी। यात्रा के दौरान गूंजते “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम्” के गगनभेदी जयकारों से संपूर्ण अंचल गुंजायमान हो उठा। नगरवासियों ने स्थान-स्थान पर पुष्पवर्षा कर तिरंगा यात्रा तथा विधायक का ऐतिहासिक स्वागत किया। अंततः यह यात्रा पुनः मंडी प्रांगण पहुंचकर एक विशाल सभा के रूप में संपन्न हुई।

मंडी प्रांगण में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए बसना विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने राष्ट्रधर्म और ऐतिहासिक चेतना से ओत-प्रोत विचार व्यक्त किए।अपने उद्बोधन में विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने कहा कि हमारा राष्ट्रध्वज तिरंगा केवल तीन रंगों का संयोजन मात्र नहीं है। बल्कि इसके प्रत्येक केसरिया, श्वेत और हरे रंग में भारत के असंख्य स्वतंत्रता सेनानियों का अमूल्य त्याग, सीमाओं पर तैनात वीर जवानों का अदम्य शौर्य, देश के किसानों का पसीना, करोड़ों देशवासियों का स्वाभिमान और अखंड भारत की अटूट चेतना समाहित है। तिरंगा प्रत्येक भारतीय की आन, बान और शान का सर्वोच्च प्रतीक है।

भारत माता एवं तिरंगा यात्रा के महात्म्य पर प्रकाश डालते हुए विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने आगे कहा कि भारत भूमि केवल एक भू-भाग का टुकड़ा नहीं, बल्कि हमारी जीवंत राष्ट्रमाता है। जब-जब इस माटी पर तिरंगा लहराता है, तब-तब अमर शहीदों की शहादत और हमारे पूर्वजों का संघर्ष जीवंत हो उठता है। आज किसान मोर्चा द्वारा ट्रैक्टरों पर निकाली गई यह तिरंगा यात्रा इस बात का प्रत्यक्ष प्रमाण है कि हमारे अन्नदाता केवल देश का पेट ही नहीं भरते, बल्कि राष्ट्र की संप्रभुता और सम्मान की रक्षा के लिए भी सबसे आगे खड़े रहते हैं। यह यात्रा बसना के जन-जन में राष्ट्रभक्ति की अलख जगाने और आने वाली भावी पीढ़ी को अपने गौरवशाली इतिहास से जोड़ने का एक ऐतिहासिक संकल्प है।

इस भव्य आयोजन में किसान मोर्चा जिला प्रभारी कैलाश पण्डा , वरिष्ठ भाजपा नेता ओमप्रकाश चौधरी,भाजपा जिला महामंत्री जितेंद्र त्रिपाठी, वरिष्ठ भाजपा नेता एन के अग्रवाल,पूर्व जिला उपाध्यक्ष भाजपा रमेश अग्रवाल, बसना नगर पंचायत अध्यक्ष खुशबू अग्रवाल,जिला उपाध्यक्ष भाजपा महासमुंद कृष्ण कुमार साहू,जिला अध्यक्ष किसान मोर्चा पिलेश्वर पटेल,जिला मंत्री एवं सभापति जिला पंचायत महासमुंद कुमारी भास्कर,मंडल अध्यक्ष बसना नरेंद्र यादव,मंडल अध्यक्ष पिरदा अभिमन्यु प्रधान,पूर्व मंडल अध्यक्ष बसना अनिल अग्रवाल,धनेश नायक,भाजपा किसान मोर्चा के पदाधिकारियों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों, वरिष्ठ समाजसेवियों, किसान भाइयों तथा हजारों की संख्या में क्षेत्रवासियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। सम्पूर्ण कार्यक्रम राष्ट्रभक्ति के अभूतपूर्व उत्साह एवं उमंग के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button