छत्तीसगढ़

 एल आई सी में ओ एफ एस के विरोध में देश भर में बीमा कर्मियों ने प्रदर्शन किया 

देश को बेचने की नीतियों के_खिलाफ आक्रामक संघर्ष_ छेड़ा जायेगा : तपन सेन 

 

रायपुर l भारतीय जीवन बीमा निगम में ओ एफ एस के माध्यम से सरकारी हिस्सेदारी पुनः कम करने के केंद्र सरकार के निर्णय के खिलाफ आज देश भर में बीमा कर्मियों ने जमकर आक्रोश व्यक्त किया l एल आई सी के देश भर में स्थित समस्त कार्यालयों के समक्ष आज भोजनावकाश के दौरान आल इंडिया इंश्योरेंस एम्प्लॉइज़ एसोसिएशन के आव्हान पर गेट प्रदर्शन एवं सभाओं के माध्यम से केंद्र सरकार से मांग की गई कि इस महत्वपूर्ण वित्तीय संस्थान में शत प्रतिशत सरकारी हिस्सेदारी बनाये रखी जाए l जीवन बीमा निगम के रायपुर मंडल कार्यालय में आयोजित एक विशाल विरोध सभा को पूर्व सांसद एवं सेंटर ऑफ ट्रेड यूनियन के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष का. तपन सेन ने संबोधित करते हुए बीमाकर्मीयों के आंदोलन का समर्थन किया l उन्होंने आरोप लगाया कि मोदी सरकार खुलेआम देश को बेचने के अभियान में जुटी हुई है l इसी क्रम में एल आई सी में ओ एफ एस के माध्यम से सरकार अपनी हिस्सेदारी बेच रही है l देश को बेचे जाने के खिलाफ मजदूरो – किसानों ने आक्रामक लड़ाई छेड़ने का फैसला किया है l आगामी 10 अगस्त को राष्ट्रव्यापी जेल भरो आंदोलन के माध्यम से इन नीतियों की खिलाफत की जायेगी l का. तपन सेन ने कहा कि बीमा क्षेत्र को प्रतिस्पर्धा के लिए निजी कंपनियों हेतु खोले जाने के बावजूद आज एल आई सी मार्केट लीडर बनी हुई है l आल इंडिया इंश्योरेंस एम्प्लॉइज़ एसोसिएशन जैसे जुझारू संगठन के नेतृत्व में बीमा कर्मियों ने एकजुट होकर एल आई सी की हिफाजत और विकास किया है l लेकिन देशी विदेशी निजी पूंजी के इशारों पर केंद्र सरकार एल आई सी के व्यवसाय को कम करने का षडयंत्र कर रही है l उदारवादी नीतियों की चपेट में शिक्षा, स्वास्थ्य, बीमा, बैंक सहित सभी सार्वजनिक उद्योगों का निजीकरण किया जा रहा है l नई भर्ती में रोक लगी हुई है l हाल ही में जंतर मंतर के छात्र आंदोलन ने देश के लोकतांत्रिक आंदोलन को नया रास्ता दिखाया है l बीमाकर्मीयों को भी देश की आम जनता को अपने साथ जोड़कर संस्थान को बचाने के आंदोलन को और अधिक जुझारूपन के साथ संगठित करना होगा l AIIEA के राष्ट्रीय अध्यक्ष का. धर्मराज महापात्र ने इस अवसर पर कहा कि सरकार सुनियोजित रूप से एल आई सी के निजीकरण की ओर बढ़ रही है l सरकार ओ एफ एस के माध्यम से भारत के अग्रणी वित्तीय संस्थान में जनता की हिस्सेदारी का एक और भाग बाजार के हवाले करने जा रही है l इसके पहले मई 2022 में आई पी ओ के माध्यम से 3.5% की हिस्सेदारी बेची जा चुकी है l यह सार्वजनिक क्षेत्र को मजबूत करने की अपनी घोषित प्रतिबद्धता से सरकार के लगातार पीछे हटते जाने का प्रमाण है l उन्होंने कहा कि एल आई सी 29 करोड़ पालिसी धारकों की बचत का उपयोग राष्ट्र के विकास हेतु सुनिश्चित करती है l यह संस्था 59 लाख करोड़ की परिसम्पत्तियों का प्रबंधन देश हित में कर रही है l एल आई सी द्वारा सरकार को जुलाई 2026 में 12207 करोड़ का लाभांश प्रदान किया गया है l यह संस्था दुनिया के सार्वजनिक बीमा उद्योग मे प्रमुख स्थान रखती है l इतनी शानदार उपलब्धियों के बावजूद मात्र राजकोषीय घाटे को पूरा करने के लिए एल आई सी की बोली लगाए जाने का हम कड़ा विरोध करते है l इससे देश के 29 करोड़ पॉलिसीधारकों की बचत पर खतरा पैदा हो गया है l बीमाकर्मीं देश भर की मेहनतकश जनता के साथ मिलकर एल आई सी के राष्ट्रीयकृत स्वरूप की रक्षा के संघर्ष को व्यापक स्वरूप प्रदान करेंगे l सभा में बड़ी संख्या में बीमाकर्मीं उपस्थित थे l जोरदार नारेबाजी और प्रदर्शन के पश्चात सभा समाप्त हुई l सभा की अध्यक्षता आर डी आई ई यू के अध्यक्ष राजेश पराते ने तथा संचालन महासचिव गजेंद्र पटेल ने किया।

समूचे मध्य क्षेत्र के रायपुर, भोपाल, इंदौर, बिलासपुर, ग्वालियर, शहडोल, सतना, जबलपुर मंडलों सहित मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ के 140 इकाइयों में यह प्रदर्शन आयोजित किया गया।

 

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button