छत्तीसगढ़

निजी मेडिकल कॉलेजों में अवैध फीस वसूली का आरोप, SFI ने दी चरणबद्ध आंदोलन की चेतावनी

हॉस्टल में रहो या न रहो, फीस तो देनी पड़ेगी! निजी मेडिकल कॉलेजों पर SFI के गंभीर आरोप

रायपुर, 24 अक्टूबर। छत्तीसगढ़ के निजी मेडिकल कॉलेजों में छात्रों से कथित अवैध और मनमानी फीस वसूली को लेकर स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (SFI) ने नाराजगी जताई है। संगठन ने राज्य सरकार से निजी मेडिकल कॉलेजों की व्यापक जांच कराने, फीस विनियामक समिति को प्रभावी बनाने और छात्रों से की जा रही अतिरिक्त वसूली पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है।

हॉस्टल में रहें या नहीं, फीस देना अनिवार्य होने का आरोप

एसएफआई के रायपुर जिलाध्यक्ष गर्व गभने, जिला सचिव हर्ष धिंगानी और उपाध्यक्ष अल्पिका कन्नौजे ने संयुक्त प्रेस विज्ञप्ति जारी कर आरोप लगाया कि निजी मेडिकल कॉलेजों में हॉस्टल, मेस और ट्रांसपोर्ट फीस के नाम पर छात्रों से भारी-भरकम राशि वसूली जा रही है।

संगठन का आरोप है कि कुछ निजी मेडिकल कॉलेज छात्रों पर हॉस्टल फीस जमा करने का दबाव बना रहे हैं। छात्रों को कथित तौर पर चेतावनी दी जा रही है कि हॉस्टल में रहें या न रहें, फीस जमा करनी होगी, अन्यथा उन्हें आंतरिक परीक्षा में फेल किया जा सकता है।

सालाना 5 से 5.50 लाख रुपये तक हॉस्टल फीस वसूलने का दावा

एसएफआई के अनुसार, रायपुर में रहने वाले स्थानीय छात्रों से भी हॉस्टल फीस के नाम पर सालाना 5 लाख से साढ़े पांच लाख रुपये से अधिक की राशि वसूली जा रही है। संगठन ने आरोप लगाया कि निजी मेडिकल कॉलेजों के हॉस्टल की फीस तीन सितारा होटलों के बराबर पहुंच गई है।

नर्सिंग और फार्मेसी कॉलेजों पर भी उठाए सवाल

संगठन ने दावा किया कि कथित अवैध फीस वसूली केवल मेडिकल कॉलेजों तक सीमित नहीं है, बल्कि निजी नर्सिंग और फार्मेसी कॉलेजों में भी इसी तरह की शिकायतें हैं।

एसएफआई ने स्वास्थ्य शिक्षा संचालनालय के कुछ अधिकारियों और कर्मचारियों की भूमिका पर भी सवाल उठाते हुए मिलीभगत का आरोप लगाया है। संगठन ने सरकार से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और जिम्मेदार पाए जाने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।

राज्यपाल को सौंपेंगे ज्ञापन, आंदोलन की चेतावनी

एसएफआई ने राज्य सरकार से मांग की है कि जिन छात्रों को हॉस्टल की आवश्यकता नहीं है, उनसे अनिवार्य हॉस्टल फीस न ली जाए। साथ ही, ऐसे छात्रों और उनके अभिभावकों से वसूली गई राशि वापस कराई जाए।

संगठन ने कहा कि वह जल्द ही इस संबंध में प्रदेश के राज्यपाल को ज्ञापन सौंपेगा। यदि सरकार ने उचित कार्रवाई नहीं की तो एसएफआई प्रदेश में चरणबद्ध आंदोलन शुरू करेगी।

हालांकि, संगठन द्वारा लगाए गए आरोपों पर संबंधित निजी कॉलेजों और स्वास्थ्य शिक्षा विभाग का पक्ष इस प्रेस विज्ञप्ति में उपलब्ध नहीं है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button