गुरुकुल महिला महाविद्यालय में क्लाउड किचन मैनेजमेंट का 90 घंटे का प्रशिक्षण सम्पन्न, छात्राओं को मिले प्रमाण पत्र

रायपुर। गुरुकुल महिला महाविद्यालय में छात्राओं को आत्मनिर्भर एवं स्वरोजगार के लिए प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आयोजित क्लाउड किचन मैनेजमेंट का 90 घंटे का प्रशिक्षण सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत जन शिक्षा संस्थान, रायपुर द्वारा आयोजित यह प्रशिक्षण 5 अगस्त से 10 अक्टूबर 2026 तक महाविद्यालय परिसर में संचालित किया गया।
प्रशिक्षण का आयोजन महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. संध्या गुप्ता के मार्गदर्शन, प्रभारी डॉ. अदिति जोशी के नेतृत्व तथा समन्वयक डॉ. सिमरन आर. वर्मा के समन्वय में किया गया। कार्यक्रम अधिकारी गायत्री श्रीवास्तव ने भी इसमें महत्वपूर्ण सहयोग दिया।
प्रशिक्षण के दौरान प्रशिक्षक रोमी दत्ता ने छात्राओं को क्लाउड किचन की अवधारणा, संचालन, मेनू प्रबंधन, पैकेजिंग, मार्केटिंग, ऑनलाइन ऑर्डर प्रबंधन, लागत प्रबंधन एवं उद्यमिता से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दीं। वहीं जन शिक्षा संस्थान, रायपुर के डायरेक्टर अतुल सिंह ने उद्यमिता पंजीयन और स्वरोजगार के विभिन्न अवसरों के बारे में विस्तार से बताया।
प्रशिक्षण में छात्राओं को सैद्धांतिक जानकारी के साथ व्यावहारिक अनुभव भी प्रदान किया गया। इसके तहत छात्राओं को एरिना बुटिक होटल का भ्रमण कराया गया, जहां उन्होंने क्लाउड किचन एवं किचन संचालन की प्रक्रिया को नजदीक से समझा। प्रशिक्षण के अंत में परीक्षा आयोजित की गई, जिसमें सफल छात्राओं को प्रमाण पत्र वितरित किए गए।
इस अवसर पर प्राचार्य डॉ. संध्या गुप्ता ने कहा कि कौशल आधारित प्रशिक्षण छात्राओं को शिक्षा के साथ रोजगार और स्वरोजगार के अवसरों से जोड़ने का प्रभावी माध्यम है। क्लाउड किचन जैसे नए क्षेत्रों में छात्राएं अपना व्यवसाय शुरू कर आत्मनिर्भर बन सकती हैं।
कार्यक्रम के माध्यम से छात्राओं को उद्यमिता की दिशा में आगे बढ़ने और अपने कौशल का उपयोग कर रोजगार के नए अवसर विकसित करने के लिए प्रेरित किया गया।



