शादी का झांसा देकर युवती का शारीरिक शोषण करने के मामले में आरोपी गिरफ्तार

पुलिस कमिश्नरेट रायपुर के नॉर्थ जोन में महिला संबंधी अपराधों पर प्रभावी कार्रवाई करते हुए थाना गुढ़ियारी द्वारा शादी का झांसा देकर युवती का शारीरिक शोषण करने के मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
प्रार्थिया द्वारा दिनांक 08.10.2026 को थाना गुढ़ियारी में उपस्थित होकर शिकायत दर्ज कराई गई कि वह अपने पति से अलग रहकर अपनी 04 वर्षीय बेटी के साथ मायके में रहती है। लगभग दो वर्ष पूर्व उसकी पहचान डिगेश्वर महेश्वर उर्फ राजा से हुई थी। इसके बाद आरोपी ने प्रार्थिया से संपर्क बनाए रखा तथा दोनों के बीच बातचीत होने लगी।
प्रार्थिया के अनुसार, दिनांक 03.07.2024 को आरोपी ने उसे कोटा रोड स्थित मुक्तिधाम के सामने मैदान में मिलने के लिए बुलाया और शादी करने का भरोसा दिलाया। आरोप है कि इसके बाद आरोपी ने शादी का झांसा देकर अलग-अलग स्थानों पर ले जाकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए।
प्रार्थिया ने अपनी शिकायत में यह भी बताया कि जब उसने आरोपी से शादी करने की बात कही, तो आरोपी ने शादी करने से इनकार करते हुए उसके साथ गाली-गलौज की। प्रार्थिया की रिपोर्ट पर थाना गुढ़ियारी में अपराध क्रमांक 456/2026, धारा 69, 296 बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
आरोपी की पतासाजी कर किया गिरफ्तार
प्रकरण की विवेचना के दौरान पुलिस द्वारा आरोपी की पतासाजी कर घटना के संबंध में पूछताछ की गई। आरोपी डिगेश्वर महेश्वर उर्फ राजा, पिता हेमराज महेश्वर, उम्र 24 वर्ष, निवासी लव-कुश शोरूम के पास, गोंदवारा, थाना खमतराई, जिला रायपुर को दिनांक 09.10.2026 को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया तथा दिनांक जहां से माननीय न्यायालय द्वार आरोपी को जेल भेज दिया गया है।
नॉर्थ जोन पुलिस द्वारा महिला संबंधी अपराधों में प्राप्त शिकायतों पर गंभीरता से कार्रवाई करते हुए आरोपियों की पतासाजी, गिरफ्तारी एवं प्रकरणों की विवेचना नियमानुसार लगातार की जा रही है।



