छत्तीसगढ़

कलार समाज के गौरवशाली इतिहास को सीएम साय ने किया नमन, धनोरा महोत्सव में विकास का संदेश

धनोरा में सहस्रबाहु जयंती महोत्सव, मुख्यमंत्री साय ने कलार समाज की एकजुटता को बताया विकास की ताकत

कोण्डागांव। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज कोण्डागांव जिले के ग्राम धनोरा में आयोजित ‘राजराजेश्वर भगवान सहस्रबाहु अर्जुन जयंती कलार महोत्सव’ में शामिल हुए। उन्होंने भगवान सहस्रबाहु अर्जुन की पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कलार समाज के गौरवशाली इतिहास, सांस्कृतिक परंपराओं और सामाजिक एकता की सराहना करते हुए कहा कि संगठित और जागरूक समाज ही प्रदेश की प्रगति को नई दिशा देता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भगवान सहस्रबाहु अर्जुन न्याय, धर्मरक्षा और लोककल्याण के आदर्शों के प्रतीक हैं। उनके जीवन से प्रेरणा लेकर समाज सेवा और जनहित के कार्यों में आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने कलार समाज को जयंती की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सातवीं से सत्रहवीं शताब्दी तक लगभग एक हजार वर्षों तक विभिन्न क्षेत्रों में कलचुरी वंश का गौरवशाली शासन रहा। आज कलार समाज शिक्षा, कृषि, व्यापार और व्यवसाय सहित विभिन्न क्षेत्रों में आगे बढ़ रहा है।

सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों का किया उल्लेख

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र और राज्य सरकार गरीबों, किसानों, महिलाओं, युवाओं और समाज के सभी वर्गों के उत्थान के लिए कार्य कर रही है। सरकार गठन के बाद पहली कैबिनेट बैठक में 18 लाख प्रधानमंत्री आवासों को स्वीकृति दी गई। गरीब परिवारों को पक्का मकान उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।

उन्होंने बताया कि प्रदेश में 15 नवंबर से धान खरीदी शुरू हो चुकी है। किसानों से 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से प्रति एकड़ 21 क्विंटल तक धान खरीदा जा रहा है। किसानों की सुविधा के लिए इस वर्ष 360 नए धान खरीदी केंद्र भी प्रारंभ किए गए हैं।

महिलाओं के आर्थिक सशक्तीकरण के लिए महतारी वंदन योजना के तहत लगभग 68 लाख माताओं-बहनों को प्रतिमाह एक हजार रुपये दिए जा रहे हैं। तेंदूपत्ता संग्राहकों का पारिश्रमिक बढ़ाकर 5500 रुपये प्रति मानक बोरा किया गया है। चरण पादुका योजना पुनः शुरू की गई है तथा 5.5 लाख से अधिक भूमिहीन कृषि मजदूरों को प्रतिवर्ष 10 हजार रुपये की सहायता दी जा रही है। श्री रामलला दर्शन योजना के तहत अब तक 55 हजार से अधिक श्रद्धालु अयोध्या पहुंचकर दर्शन कर चुके हैं।

बस्तर में शांति, विकास और जनसुविधाओं पर फोकस

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन में बस्तर को नक्सलवाद से मुक्त कर शांति और विकास की दिशा में तेजी से कार्य किया जा रहा है। नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में अब विकास सुविधाएं पहुंच रही हैं। आत्मसमर्पित नक्सलियों के पुनर्वास के लिए प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 15 हजार अतिरिक्त आवास स्वीकृत किए गए हैं, जिनमें 6 हजार से अधिक आवास निर्माणाधीन हैं।

उन्होंने बताया कि स्वस्थ बस्तर योजना के अंतर्गत 34 लाख लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया और 40 हजार से अधिक लोगों को उपचार उपलब्ध कराया गया है। अग्रणी बस्तर अभियान के माध्यम से दूरस्थ गांवों में राशन कार्ड, आयुष्मान कार्ड, जॉब कार्ड सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाया जा रहा है। सुरक्षा कैंपों को सेवा डेरा के रूप में विकसित कर प्रशिक्षण और जनसेवा केंद्र बनाया जा रहा है।

सिंचाई, पशुपालन और सुशासन को बढ़ावा

मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों और ग्रामीण परिवारों की आय बढ़ाने के लिए कृषि के साथ पशुपालन को भी प्रोत्साहित किया जा रहा है। राष्ट्रीय डेयरी विकास बोर्ड के सहयोग से प्रत्येक परिवार को दो गाय उपलब्ध कराने और दूध खरीदी की व्यवस्था विकसित की जा रही है।

इंद्रावती नदी पर देउरगांव और मटनार में लगभग दो हजार करोड़ रुपये की दो सिंचाई परियोजनाएं स्वीकृत की गई हैं। इनसे लगभग 80 हजार एकड़ कृषि भूमि को सिंचाई सुविधा मिलेगी।

नागरिकों की समस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 शुरू की गई है, जो 24 घंटे टोल फ्री सेवा के रूप में उपलब्ध रहेगी। सेवा सेतु पोर्टल के जरिए 38 विभागों की 900 से अधिक सेवाएं घर बैठे उपलब्ध कराई जा रही हैं। छह हजार से अधिक ग्राम पंचायतों में अटल डिजिटल सेवा केंद्र स्थापित किए गए हैं।

शिक्षा, संगठन और सामाजिक समरसता का आह्वान

कार्यक्रम में स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने 70 हजार से अधिक मितानिन बहनों को मितानिन दिवस की बधाई देते हुए उनकी सेवाओं की सराहना की। उन्होंने कलार समाज के ऐतिहासिक योगदान और कलचुरी वंश की गौरवशाली परंपरा का उल्लेख किया तथा समाजजनों से शिक्षा, संगठन और सामाजिक प्रगति के लिए एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान किया।

कांकेर सांसद भोजराज नाग ने कहा कि मुख्यमंत्री ने धनोरा पहुंचकर स्थानीय आराध्य खण्डा डोकरा आंगा देव की पूजा-अर्चना कर जनजातीय समाज की आस्था और परंपराओं के प्रति सम्मान प्रकट किया।

केशकाल विधायक नीलकंठ टेकाम ने क्षेत्र में विकास कार्यों की जानकारी देते हुए बताया कि लंबे समय से लंबित विद्युत सब-स्टेशन के निर्माण के लिए राज्य सरकार ने 32 करोड़ रुपये उपलब्ध कराए, जिससे निर्माण कार्य पूरा हो सका और क्षेत्र की बिजली व्यवस्था को मजबूती मिलेगी।

कार्यक्रम में स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, वन मंत्री केदार कश्यप, सांसद भोजराज नाग, बस्तर क्षेत्र आदिवासी विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष एवं कोण्डागांव विधायक लता उसेंडी, विधायक नीलकंठ टेकाम, पूर्व विधायक सेवकराम नेताम, बस्तर आईजी बी.एन. मीणा, कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना, एसपी पंकज चंद्रा, कलार समाज बस्तर संभाग के अध्यक्ष कमल किशोर कश्यप सहित जनप्रतिनिधि, समाज के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button