छत्तीसगढ़

3 जून से शुरू होगा छत्तीसगढ़ क्रिकेट प्रीमियर लीग-3, दर्शकों को मिलेंगे आकर्षक पुरस्कार

रायपुर। छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ द्वारा प्रदेश के युवा खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ क्रिकेट प्रीमियर लीग (सीसीपीएल) के तृतीय संस्करण का आयोजन 3 जून 2026 से 14 जून 2026 तक किया जाएगा। प्रतियोगिता का आयोजन शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम, नवा रायपुर में होगा। टूर्नामेंट का पहला मुकाबला 3 जून को रात 9 बजे रायपुर रायनोस और राजनांदगांव पैन्थर्स के बीच खेला जाएगा।

सीसीपीएल-3 को लेकर आज आयोजित प्रेसवार्ता में छत्तीसगढ़ प्रदेश क्रिकेट संघ के अध्यक्ष विजय शाह ने जानकारी देते हुए बताया कि मैचों से पहले प्रतिदिन शाम 7:30 बजे सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। उद्घाटन समारोह में बॉलीवुड अभिनेत्री मौनी रॉय अपनी प्रस्तुति देंगी, जिससे आयोजन और भी आकर्षक बनेगा।

उन्होंने बताया कि इस बार दर्शकों के लिए प्रतिदिन शानदार पुरस्कारों की व्यवस्था की गई है। उद्घाटन मैच और 14 जून को होने वाले फाइनल मुकाबले में प्रथम पुरस्कार के रूप में टू-व्हीलर वाहन दिया जाएगा। इसके अलावा द्वितीय पुरस्कार 40 हजार रुपये, तृतीय 30 हजार, चतुर्थ 25 हजार, पांचवां 22,500, छठा 20 हजार, सातवां 18 हजार, आठवां 16,500 तथा नौवां और दसवां पुरस्कार 14-14 हजार रुपये रखा गया है।

दर्शकों को ऑनलाइन टिकट के माध्यम से निःशुल्क प्राप्त करना होगा। मैच के दिन स्टेडियम में ऑनलाइन टिकट का स्क्रीनशॉट दिखाकर फिजिकल टिकट दिया जाएगा। टिकट के पीछे दिए गए फॉर्म में नाम, मोबाइल नंबर और ईमेल भरकर प्रवेश द्वार पर मौजूद बॉक्स में जमा करना होगा। प्रतिदिन दूसरे मैच के इनिंग ब्रेक के दौरान लकी ड्रा निकाला जाएगा और विजेताओं के नाम स्टेडियम की बड़ी स्क्रीन पर प्रदर्शित किए जाएंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button