RAIPUR : रफ्तार का कहर: कार और बाइक की भिड़ंत में युवक की मौत, 2 गंभीर घायल

रायपुर के विधानसभा थाना क्षेत्र में नरदहा गांव के पास गोयल वर्ल्ड स्कूल के समीप कार और बाइक की आमने-सामने की टक्कर में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक बाइक पर तीन युवक सवार थे। इसी दौरान सामने से आ रही तेज रफ्तार कार ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। दुर्घटना में सूर्या नामक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दीपक नारंग और भोला कोसरे गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना मिलने पर डायल 112 और पुलिस टीम मौके पर पहुंची तथा घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए डॉ. भीमराव अंबेडकर अस्पताल की मर्चुरी भेजा गया।
हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। विधानसभा थाना पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज की जांच कर आरोपी चालक और वाहन की पहचान करने में जुटी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
विधानसभा सीएसपी वीरेंद्र चतुर्वेदी के अनुसार, दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आगे की कार्रवाई जारी है।



