छत्तीसगढ़

मधुमेह मरीजों में पैरों की गंभीर समस्या का खतरा, समय पर जांच और उपचार जरूरी

डायबिटीज मरीजों में पैर काटने तक की नौबत, समय पर जांच जरूरी : डॉ. भाविन

रायपुर। मधुमेह (डायबिटीज) के मरीजों में पैरों की रक्त वाहिकाओं में रुकावट और रक्त संचार कम होने से गंभीर समस्याएं उत्पन्न हो सकती हैं। समय पर पहचान और उपचार नहीं होने पर घाव, संक्रमण, ऊतक क्षति और यहां तक कि पैर काटने (एम्प्यूटेशन) तक की नौबत आ सकती है। यह जानकारी यशोदा हॉस्पिटल्स, हाईटेक सिटी के वरिष्ठ कंसल्टेंट वैस्कुलर एवं एंडोवैस्कुलर सर्जन तथा डायबिटिक फुट स्पेशलिस्ट डॉ. भाविन एल. राम ने रायपुर प्रेस क्लब में आयोजित पत्रकार वार्ता में दी।

पत्रकार वार्ता में डॉ. भाविन ने बताया कि मधुमेह से पीड़ित मरीजों में पेरिफेरल आर्टेरियल डिजीज (PAD) का खतरा काफी बढ़ जाता है। यह ऐसी स्थिति है, जिसमें संकरी या अवरुद्ध धमनियों के कारण पैरों और पंजों में रक्त संचार कम हो जाता है। यदि इसका समय पर उपचार नहीं किया जाए तो ठीक नहीं होने वाले घाव, संक्रमण, ऊतक क्षति और गंभीर मामलों में अंग विच्छेदन का कारण बन सकता है।

उन्होंने समझाया कि डायबिटिक न्यूरोपैथी के कारण पैरों में संवेदनशीलता कम हो जाती है, जिससे मरीज छोटी चोटों को भी नजरअंदाज कर देते हैं। ये चोटें धीरे-धीरे गंभीर अल्सर में बदल सकती हैं। रक्त संचार कम होने से घाव भरने में देरी होती है और संक्रमण व ऊतक क्षति का खतरा बढ़ जाता है।

पैरों में इन चेतावनी संकेतों को न करें नजरअंदाज

डॉ. भाविन ने मधुमेह मरीजों को पैरों में दिखाई देने वाले लक्षणों के प्रति सतर्क रहने की सलाह दी।

  • चलते समय पैरों में दर्द होना।

  • पैरों में बार-बार थकान या ऐंठन होना।

  • पैर ठंडे होना या त्वचा के रंग में बदलाव आना।

  • ठीक नहीं होने वाले घाव और पैरों में अल्सर होना।

  • पैर की उंगलियों या ऊतकों का काला पड़ना।

उन्होंने कहा कि मधुमेह मरीजों को नियमित रूप से पैरों की जांच करानी चाहिए और कोई भी असामान्य लक्षण दिखाई देने पर तुरंत चिकित्सकीय सलाह लेनी चाहिए। एंकल-ब्रैकियल इंडेक्स (ABI) जांच और डॉप्लर स्कैन के माध्यम से रक्त संचार तथा धमनियों में रुकावट की स्थिति का पता लगाया जा सकता है।

आधुनिक उपचार से बच सकता है अंग विच्छेदन

डॉ. भाविन ने बताया कि पेरिफेरल एंजियोप्लास्टी, धमनी स्टेंटिंग और पेरिफेरल बाईपास सर्जरी जैसे आधुनिक उपचार विकल्प मरीजों में रक्त संचार बहाल करने और अंगों को नुकसान से बचाने में मददगार हैं। चुनिंदा मरीजों में मिनिमली इनवेसिव एंडोवैस्कुलर प्रक्रियाओं के जरिए प्रभावी उपचार किया जा सकता है, जिससे बड़ी सर्जरी की आवश्यकता कम हो सकती है।

उन्होंने मरीजों को ब्लड शुगर पर अच्छा नियंत्रण रखने, ब्लड प्रेशर और कोलेस्ट्रॉल नियंत्रित करने, धूम्रपान से बचने, पैरों की सही देखभाल करने और छोटी से छोटी चोट को भी नजरअंदाज नहीं करने की सलाह दी।

वैस्कुलर सर्जरी के विशेषज्ञ हैं डॉ. भाविन एल. राम

डॉ. भाविन एल. राम यशोदा हॉस्पिटल्स, हाईटेक सिटी में वरिष्ठ कंसल्टेंट वैस्कुलर एवं एंडोवैस्कुलर सर्जन हैं। उनकी विशेषज्ञता में पेरिफेरल आर्टेरियल डिजीज, एंडोवैस्कुलर उपचार, वैस्कुलर एन्यूरिज्म रिपेयर, डायबिटिक फुट, डीप वेन थ्रोम्बोसिस, वैरिकोज वेन्स तथा अन्य संवहनी रोगों का उपचार शामिल है।

उन्होंने वैस्कुलर सर्जरी के क्षेत्र में शोध और चिकित्सा प्रकाशनों में भी योगदान दिया है। डॉ. भाविन ने कहा कि समय पर जागरूकता, नियमित जांच और उचित उपचार से मधुमेह मरीजों में पैरों की गंभीर जटिलताओं तथा अंग विच्छेदन के जोखिम को कम किया जा सकता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button