26 साल से मानदेय की आस, पशुधन मित्र संघ ने अधिकारियों से की मुलाकात

रायपुर। छत्तीसगढ़ पशुधन विकास विभाग में कार्य आधारित मानदेय पर कार्य कर रहे पशुधन मित्र संघ के प्रांतीय पदाधिकारियों और विभिन्न जिलों से पहुंचे सदस्यों ने आज विभाग के उच्च अधिकारियों से सौजन्य मुलाकात की।
संघ के प्रतिनिधिमंडल ने पशुधन विकास विभाग के डायरेक्टर के.के. वर्मा, सचिव सिद्धार्थ कोमल सिंह परदेशी, डिप्टी डायरेक्टर डॉ. संजीव सिरमौर और जन सूचना अधिकारी डॉ. रोहिणी पाठक से मुलाकात कर अपनी विभिन्न मांगों और समस्याओं से अवगत कराया।
संघ के प्रदेश अध्यक्ष चंद्रशेखर सिंह राजपूत और सचिव पुष्पकांत शर्मा ने अधिकारियों को बताया कि पशुधन मित्र पिछले करीब 26 वर्षों से विभाग के साथ लगातार सेवाएं दे रहे हैं, लेकिन उन्हें आज तक निश्चित मासिक मानदेय नहीं मिल पा रहा है। संघ ने कार्यकर्ताओं के लिए नियमित और निश्चित मासिक मानदेय की मांग रखी।
पशुधन मित्रों का कहना है कि वे विभाग के महत्वपूर्ण कार्यों में लगातार सहयोग कर रहे हैं। इनमें कृत्रिम गर्भाधान, बधियाकरण, पशु चिकित्सा शिविर, पशुओं का सर्वे और पशुपालकों को समय-समय पर जागरूक करना जैसे कार्य शामिल हैं।
संघ ने यह भी बताया कि कार्यकर्ताओं का बीमा तक नहीं है। कार्य के दौरान कई साथियों की मृत्यु होने के बावजूद उनके परिवारों को किसी तरह का सहयोग नहीं मिल पाता। संघ ने कार्यकर्ताओं के हित में बीमा सहित सामाजिक सुरक्षा की व्यवस्था किए जाने की मांग भी रखी।
कोषाध्यक्ष धर्मेश साहू ने कहा कि पशुधन मित्र विभाग के साथ कंधे से कंधा मिलाकर काम कर रहे हैं और आगे भी विभाग का सहयोग करते रहेंगे, लेकिन कार्य आधारित मानदेय हर माह नियमित रूप से नहीं मिल पाने के कारण कार्यकर्ताओं के सामने आर्थिक परेशानी बनी रहती है।
संघ ने बताया कि आगामी 18 अगस्त को छत्तीसगढ़ पशुधन मित्र संघ के प्रांतीय पदाधिकारी प्रदेश के मुख्य सचिव से मुलाकात करेंगे और अपनी मांगों को प्रमुखता से रखेंगे।
इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष चंद्रशेखर सिंह राजपूत, सचिव पुष्पकांत शर्मा, कोषाध्यक्ष धर्मेश साहू, वरिष्ठ सलाहकार युवराज चौधरी, रायपुर संभाग अध्यक्ष दुलारू साहू, देवनारायण यादव, केशव साहू सहित संघ के अन्य पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे।



