छत्तीसगढ़

विद्यार्थियों ने बुजुर्गों के साथ मनाई दीपावली, आनंद आश्रम में बांटी खुशियां और लिया आशीर्वाद

वृद्धाश्रम में बुजुर्गों के साथ मनाई उत्साहपूर्ण दीपावली

रायपुर। दीपावली का पर्व केवल रोशनी और खुशियों का ही नहीं, बल्कि प्रेम, सेवा और संवेदना का भी संदेश देता है। इसी भावना के साथ सरस्वती शिशु मंदिर विद्यालय, देवेन्द्र नगर रायपुर के विद्यार्थियों ने बढ़ते कदम संस्था द्वारा संचालित वृद्धाश्रम आनंद आश्रम पहुंचकर बुजुर्गों के साथ हर्षोल्लास से दीपावली मनाई।

इस दौरान विद्यार्थियों ने बुजुर्गों के साथ समय बिताया और उनके चेहरे पर मुस्कान लाने का प्रयास किया। बच्चों ने बुजुर्गों के साथ नृत्य किया, गीत गाए, फुलझड़ियां जलाईं और मिठाइयां बांटकर खुशियां साझा कीं। विद्यार्थियों ने दीप प्रज्वलित करने के साथ आकर्षक रंगोली भी बनाई। बच्चों के स्नेहपूर्ण व्यवहार और उत्साह से वृद्धाश्रम का वातावरण आनंदमय हो गया।

इस अवसर पर विद्यालय के सचिव संजय जोशी ने बुजुर्गों को संबोधित करते हुए कहा कि दीपावली केवल दीप जलाने और खुशियां मनाने का पर्व नहीं है, बल्कि यह सेवा, संवेदना, प्रेम और सामाजिक जिम्मेदारी का भी संदेश देता है।

वहीं, वृद्धाश्रम में निवासरत बुजुर्गों ने विद्यार्थियों को स्नेहपूर्वक आशीर्वाद दिया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

इस आयोजन के लिए बढ़ते कदम संस्था के अध्यक्ष मुकेश सचदेव, उपाध्यक्ष प्रेम प्रकाश मध्यानी एवं आनंद आश्रम के प्रभारी सुनील नरवानी ने सरस्वती शिशु मंदिर विद्यालय का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन से विद्यार्थियों में सामाजिक दायित्व और सेवा भावना विकसित होती है। साथ ही बुजुर्गों के जीवन में भी खुशियों और नए उत्साह का संचार होता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button